श्री कृष्ण स्मृति भाग 133

 ‘’भगवान श्री कृष्ण के संदर्भ में जीसस पर चर्चा करते समय एक बार आपने कहा कि जीसस के ’क्रॉस' से जिस सभ्यता का आरम्भ हुआ उसका अंत आधुनिक स्थिति में एटम बम पर जाकर हुआ। और आधुनिक सभ्यता को अभी वर्तमान स्थिति में’क्रॉस या वंशी के बीच चुनाव करना है। कृपया इस बात को फिर स्पष्ट करें। तथा जिस प्रकार’क्रॉस' की संस्कृति का अंत एटम बन पर हुआ है अभी उसी प्रकार वंशी से जो जीवनधारा चली उसका भी तो अंत सुदर्शनचक्र और महाभारत पर हुआ था। मैं यह पूछना चाहूंगा कि आप’क्रॉस’ और एटम बम का जोड़ बुनेगे कि वंशी और महाभारत का जोड़ भारत के लिये चुनेगे?’’


क्रॉस’ मृत्यु का सूचक है। कब्र पर लगता है तो उसका अर्थ है, और जब जीवन पर लग जाता है तो खतरनाक है। लेकिन, बहुत सारे तथाकथित धार्मिक लोगों ने मनुष्य के शरीर को कब्र ही समझा है। उनकी इस समझ का परिणाम खतरनाक होने वाला है। और अगर मनुष्य की छाती पर’क्रॉस लटका दिया जाये, जैसे  क़ब्र पर ’क्रॉस' लगा होता है, तो हम जीवन को स्वीकार नहीं करते, अस्वीकार की घोषणा करते हैं।


हम जीवन को वरदान नहीं मानते हैं, अभिशाप मानते हैं। ईसाइयत — जीसस का नाम नहीं कह रहा हूं — ईसाइयत रेखा समझती रही है कि जो मनुष्य का जीवन है पाप का फल है, ’ओरिजनल सिन' का फल है। जिसे हम जिंदगी समझ रहे हैं, वह जिंदगी परमात्मा के द्वारा दिया गया वरदान नहीं, परमात्मा के द्वारा दी गयी सजा है।

ऐसा चिंतन गहरे में दुखवादी और’ पैसिमिस्ट’ है। ऐसा चिंतन गुलाब के फूल के पास खड़े होकर कांटों की गिनती करता है, फूल को भूल जाता है। ऐसा चिंतन दो अंधेरी रातों के बीच में एक छोटे—से दिन को देखता है, दो प्रकाशित दिनों के बीच में एक अधेरी रात को नहीं। ऐसा चिंतन जीवन के दुखों को बटोर कर इकट्ठा कर लेता है, जीवन के सुखों को विस्मृत कर देता है। असल में दुख को बटोर कर इकट्ठा करना भी रुग्णचित्त का लक्षण है। अस्वाभाविक, भटका हुआ। और फिर उस दुख के आधार पर पूरे जीवन के संबंध में जो’ फिलॉसफी’, जो दर्शन का फैलाव होता है, वह उदासी का, अंधेरे का, निषेध का, नकार का और’ क्रॉस’ का हो जाता है।

जीसस का प्रभाव, शायद वे सूली पर न लटकाये गये होते तो दुनिया पर इतना न पड़ता। शायद दुनिया उन्हें भूल ही गयी होती। लेकिन जीसस का सूली पर लटकाया जाना ही’ क्रिश्चियनिटी’ का जन्म बन गया। आज कोई एक अरब आदमी के करीब ईसाइयत में सम्मिलित हैं। यह मैं जीसस की विजय नहीं मानता हू यह मैं’ क्रॉस’ की विजय मानता हूं। जीसस सूली पर लटके हुये हमारे रुग्ण और उदास चित्तों को बड़े ही ठीक मालूम पड़े, वे हमारे जीवन के प्रतीक ही मालूम पड़े हम सब सूली पर लटके हुये लोग हैं। हम सब दुख में जी रहे लोग हैं। हम सब दुख को ही चुनते हैं, इकट्ठा करते हैं। हम दुख का ढेर लगाये चले जाते हैं। आखिर में दुख ही हाथ में रह जाता है, सुख सब खो जाते हैं।

कृष्ण बिलकुल ही विपरीत व्यक्तित्व है। और कृष्ण की बांसुरी का प्रतीक’ क्रॉस’ से ठीक उलटा है। जैसे बांसुरी को कब्र पर रखने का कोई अर्थ नहीं होता। उसे जिंदा ओंठ चाहिये। और सिर्फ ओंठ ही नहीं चाहिये, नाचते हुये ओंठ भी चाहिये। गाते हुये ओंठ भी चाहिये। और ओंठ ऐसे ही नहीं नाचते और गाते हैं जब तक कि भीतर के प्राण आनंद से उल्लसित नहीं हों। मेरे लिये जीसस के’ क्रॉस’ और कृष्ण की बांसुरी में चुनाव दिखायी पड़ता है। ऐसा नहीं है कि जिंदगी में दुख नहीं हैं, दुख जिंदगी में हैं। लेकिन जो आदमी उन्हे इकट्ठा कर लेता है, जो उन्हें समूहगत रूप से देखने लगता है, उसे फिर सुख दिखायी पड़ने बंद हो जाते हैं। ऐसा भी नहीं है कि जिंदगी में सुख नहीं हैं — सुख हैं। और जो आदमी सुखों को इकट्ठा कर लेता है, और सुखों की उस आनंद—राशि में डूबता है, उसे दुख दिखायी पड़ने बंद हो जाते हैं।

जीवन में तो सुख और दुख दोनों हैं। सब कुछ निर्भर करता है व्यक्ति पर कि वह क्या देखता है। मेरी अपनी समझ ऐसी है कि अगर कोई आदमी गुलाब के फूल को ठीक से देख पाये और प्रेम कर पाये, तो उसे कांटे दिखायी पड़ने बंद हो जाते हैं। क्योंकि जो आंखें गुलाब के फूल से रस जाती हैं, रम जाती हैं, वे आंखें कांटों को देखना बंद कर देती हैं। ऐसा नहीं है कि कांटे मिट जाते हैं, बल्कि ऐसा कि कांटे भी गुलाब के साथी और मित्र हो जाते हैं और वे गुलाब के फूल की रक्षा की तरह ही दिखायी पड़ते हैं। वे एक ही पौधे पर फूल की रक्षा के लिये निकले हुये कांटे होते हैं। लेकिन जो आदमी कांटों को चुन लेता है, उसे फूल दिखायी पड़ना बंद हो जाता है। जो आदमी कांटों को चुनता है, वह यह कहेगा कि जहां इतने कांटे हैं वहां एक फूल खिल कैसे सकता है? जहां काटे—ही—काटे हैं, वहां फूल असंभावना है। जरूर मैं किसी भ्रम में हू कि मुझे फूल दिखायी पड़ रहा है। जहां कांटे—ही—काटे हैं, वहा फूल हो नहीं सकता। काटा सत्य हो जाता है, फूल स्वप्न हो जाता है। और जो आदमी फूल को देख लेता है, और देख पाता है और प्रेम कर पाता है और जी पाता है, उस आदमी को एक दिन लगना शुरू होता है कि जिस पौधे पर गुलाब जैसा कोमल फूल खिलता हो, उस पर कांटे कैसे हो सकते हैं। उसके लिये कांटे धीरे—धीरे भ्रम और झूठ हो जाते हैं।

मर्जी है आदमी की कि वह क्या चुने। स्वतंत्रता है आदमी को कि वह क्या चुने। सार्त्र का एक वचन बहुत अद्भुत है; उसमें वह कहता है —’वी आर कंडेम्ह टु बी फ्री’। हम मजबूर हैं स्वतंत्र होने को। जबर्दस्ती है हमारे ऊपर स्वतंत्रता। हम सब चुन सकते हैं, सिर्फ एक स्वतंत्रता को नहीं चुन सकते हैं, वह हमें मिली ही हुई है। कोई आदमी यह नहीं कह सकता कि मैं परतंत्रता चुन सकता हू क्योंकि वह चुनना भी उसकी स्वतंत्रता ही है। इसलिये सार्त्र कहता है —’ कंडेम्ड दु बी फ्री’। कभी भी स्वतंत्रता के साथ किसीने’ कंडेम्‍ड’ शब्द का प्रयोग नहीं किया होगा।

मनुष्य स्वतंत्र है। और परमात्मा के होने की यह घोषणा है। और मनुष्य जो चुनना चाहे, चुन सकता है। यदि मनुष्य ने दुख चुना, तो चुन सकता है। जिंदगी उसके लिये दुख बन जायेगी। हम जो चुनते हैं, जिंदगी वही हो जाती है। हम जो देखने जाते हैं, वह दिखायी पड़ जाता है। हम जो खोजने जाते हैं, वह मिल जाता है। हम जो मांगने जाते हैं, वह’ फुलफिल’ हो जाता है, उसकी पूर्ति हो जाती है।

दुख चुनने जायें, दुख मिल जायेगा। लेकिन, दुख चुनने वाला आदमी अपने लिये ही दुख नहीं चुनता। वहीं से अनैतिकता शुरू होती है। दुख चुनने वाला आदमी दूसरे के लिये भी दुख चुनता है! यह असंभव है कि दुखी आदमी और किसी के लिये सुख देने वाला बन जाये। जो लेने तक में दुख लेता है, वह देने में सुख नहीं दे सकता। जो लेने तक में चुन—चुन कर दुख को लाता है, वह देने में सुख देने वाला नहीं हो सकता। यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि जो हमारे पास नहीं है, उसे हम कभी दे नहीं सकते हैं। हम वही देते हैं जो हमारे पास है। यदि मैंने दुख चुना है, तो मैं दुख ही दे सकता हू। दुख मेरा प्राण हो गया है। जिसने दुख चुना है, वह दुख देगा। इसलिये दुखी आदमी अकेला दुखी नहीं होता, अपने चारो तरफ दुख की हजार तरह की तरंगें फेंकता रहता है। अपने उठने— बैठने, अपने होने, अपनी चुप्पी, अपने बोलने, अपने कुछ करने, न करने, सबसे चारों तरफ दुख के वर्तुल फैलाता रहता है। उसके चारों तरफ दुख की उदास लहरें घूमती रहती हैं और परिव्याप्त होती रहती हैं। तो जब आप अपने लिये दुख चुनते हैं तो अपने ही लिये नहीं चुनते, आप इस पूरे संसार के लिये भी दुख चुनते हैं।

तो जब मैंने कहा कि दुख के चुनाव ने मनुष्य को युद्ध तक पहुंचा दिया है। और रेले युद्ध तक, जो कि’ टोटल आइड’ बन सकता है, जो कि समग्र आत्मघात बन सकता है। यह मनुष्य के दुख का चुनाव है जो हमें उस जगह ले आया। हमने सुना है बहुत बार, जानते हैं हम कि कभी कोई आत्मघात कर लेता है, लेकिन हमें इस बात का खयाल नहीं था कि दूखी आदमी आत्मघात कर लेता है यह तो ठीक ही है, एक ऐसा वक्त भी आ सकता है कि पूरी मनुष्यता इतनी दुखी हो जाये कि आत्मघात कर ले। हमारे बढ़ते हुये युद्ध आत्मघात के बढ़ते हुये चरण हैं। यह दुख के चुनाव से संभव हुआ है। और दुख को जब हम धर्म की तरह चुन लेते हैं, तो फिर अधर्म की तरह चुनने को कुछ बचता भी नहीं है। जब दुख को हम धर्म बना लेते हैं, तो फिर अधर्म क्या होगा? जब दुख धर्म बन जाता है, तो गौरवान्वित भी हो जाता है।’ ग्लोरीफाइड’ भी हो जाता है।

यह जो दुख की धारा’ क्रॉस’ के आसपास निर्मित हुई, मैं नहीं कहता जीसस के आसपास, क्योंकि जीसस का’ क्रॉस’ से कोई अनिवार्य संबंध नहीं है। जीसस बिना’ क्रॉस’ के भी हो सकते थे। यह जिन लोगों ने जीसस को सूली दी, जिन्होंने’ क्रॉस’ दिया, ईसाइयत उन्होंने पैदा की है। मैं निरंतर ऐसा कहता हूं कि ईसाइयत को पैदा करनेवाले जीसस नहीं हैं, ईसाइयत को पैदा करनेवाले वे पंडे और पुरोहित हैं यहूदी, जिन्होंने जीसस को सूली दी। ईसाइयत का जन्म’ क्रॉस’ से होता है, जीसस से नहीं। जीसस तो बेचारा’ क्रॉस’ पर लटकाया गया है, यह बिलकुल ही’ सेकेंड्री’ बात है, इससे कोई लेना—देना नहीं है। वह’ क्रॉस’ महत्वपूर्ण होता चला गया हमारे चित्त में। और जो—जो अपने को’ क्रॉस’ पर अनुभव करते हैं लटका हुआ, सूली पर, चाहे वह सूली परिवार की हो, चाहे वह सूली प्रेम की हो, चाहे वह सूली राष्ट्रों की हो, चाहे वह सूली धर्मों की हो चाहे वह सूली दैनंदिन जीवन की हो, जो लोग भी अनुभव करते हैं कि सूली पर लटके हैं, उन्हें जीवन एक महापाप हो जाता है। वे सारे महापाप को अनुभव करने वाले लोग’ क्रॉस’ से प्रभावित होते चले गये हैं और’ पैसिमिस्टों’ का एक बड़ा गिरोह सारी दुनिया में इकट्ठा हो गया है।

पिछले दो महायुद्ध ईसाई मुल्कों ने लड़े और पैदा किये। गैर—ईसाई मुल्क अगर उन युद्धों में आये भी, घसीटे गये। सिर्फ एक जापान ऐसा मुल्क था, जो गैर—ईसाई था जो युद्ध में आक्रामक की तरह आया था। लेकिन, जापान को अब पूर्वी मुल्क कहना मुश्किल है। जापान बहुत गहरे अर्थों में भूगोल का खयाल छोड़ दें तो अब पश्चिम का हिस्सा है। और जापान के पास भी ’सूसाइड’ की लंबी पंरपरा है, जिसको वे’ हाराकिरी’ कहते हैं। जरा—सा आदमी दुखी हो जाये तो मर जाये, बस इसके सिवा कोई उपाय नहीं है। जैसे कि कल फूल खिलने की कोई संभावना न रही। साझ फूल मुर्झा गया तो मर जाओ, कल सुबह फूल खिलने का कोई उपाय नहीं। इतनी प्रतीक्षा भी नहीं, इतना धैर्य भी नहीं। तो’ हाराकिरी’ वाला एक मुल्क और पश्चिम के’ क्रॉस’ वाले मुल्कों ने इधर पिछले दो बड़े युद्ध लड़े हैं। तीसरा युद्ध पूरी मनुष्यता का अंत हो सकता है, जैसे जीसस सूली पर लटके हैं, ऐसी पूरी मनुष्यता सूली पर लटक सकती है। मैं नहीं कहता हू कि इसमें जीसस का हाथ है, मैं कहता हूं’ क्रॉस’ पर लटकाने वाले लोगों का हाथ है। और मैं यह भी नहीं कहता हू कि जीसस से प्रभावित होकर लोग’ क्रॉस’ के पास आये हैं,’ क्रॉस’ से प्रभावित होकर जीसस के पास आये हैं।

दूसरी बात पूछी है, तो मैं मानता हूं कि क्राँसवादी, दुखवादी, ’सैडिस्ट’ सभ्यता मनुष्य को अंतत: आत्मघात में ले जाने वाली है। असल में’ क्रॉस’ को लेकर चलने का कोई अर्थ नहीं है और अगर

जिंदगी’ क्रॉस’ भी रख दे तो उस पर फूल लटका देना भी हमारा चुनाव है।

कृष्ण तो ठीक मुझे विपरीत मालूम पड़ते हैं, उनकी बांसुरी मुझे ठीक विपरीत मालूम पड़ती है। और यह भी मैं आपको कह दू कि जीसस को’ क्रॉस’ पर दूसरे लटकाते हैं, कृष्ण के ओंठों पर कोई दूसरा बांसुरी नहीं रखता। इसलिये यह खयाल में रख लेना जरूरी है कि कृष्ण की बांसुरी उनके व्यक्तित्व का प्रतीक है और जीसस का’ क्रॉस’ उनके व्यक्तित्व का प्रतीक नहीं है। उसे दूसरों ने दिया है, कृष्ण की बांसुरी अपने हाथों से ओंठों पर रखी गयी है। कृष्ण की बांसुरी में मुझे जीवन के अहोभाव, जीवन के अनुग्रह, जीवन के प्रति’ ग्रेटीव्यूड’ का गीत, धन्यवाद, आभार मालूम होता है। कृष्ण का चुनाव जीवन में सुख का चुनाव है। आनंद का चुनाव है। और जैसा मैंने कहा, जो दुख को चुनता है, वह दुख देने वाला बन जाता है, जो आनंद को चुनता है, वह आनंद देने वाला बन जाता है।

तो कृष्ण अगर बांसुरी बजायेंगे — यह भी थोड़ा समझ लेने वाली बात है — कि अगर कृष्ण बांसुरी बजायेंगे तो यह आनंद कृष्ण तक ही सीमित नहीं रहेगा, यह उन कानों तक भी पहुंच जायेगा जिन पर ये बांसुरी के स्वर पड़ते हैं। अगर जीसस को आप सूली पर लटका हुआ देखेंगे और उनके पास से गुजरेंगे तो आप भी उदास हो जायेंगे। और कुछ को अगर नाचते हुये देखेंगे किसी वृक्ष की छाया में और पास से गुजरेंगे, तो आप भी प्रफुल्लित होंगे। सुख भी संक्रामक है, दुख भी संक्रामक है। वे सब फैलते हैं, और दूसरों तक हो जाते हैं। इसलिये जो आदमी अपने लिये दुख चुनता है, वह सारी दुनिया के लिये’ कडेमनेशन’ चुनता है। वह यह कह रहा है कि मैं दुखी होकर अब सारी दुनिया को दुखी होने का निर्णय करता हू। जो आदमी जीवन में सुख का चुनाव करता है, वह सारी दुनिया के लिये गीत और संगीत और नृत्य चुनता है। मैं धार्मिक आदमी उसी को कहता हू जो दूसरे के लिये भी सुख चुनता है। मेरे लिये धार्मिक का अर्थ आनंद के अतिरिक्त कुछ और हो ही नहीं सकता है। कृष्ण इन अर्थों में मेरे लिये धार्मिक हैं। उनका सारा होना आनंद के एक स्फुरण के अतिरिक्त और कुछ भी नहीं है।

लेकिन पूछा गया है कि कृष्ण की बांसुरी के बाद भी तो महाभारत का युद्ध हुआ? यह कृष्ण की बांसुरी के बावजूद हुआ। यह कृष्ण की बांसुरी के कारण नहीं हुआ। क्योंकि बांसुरी से युद्ध होने का कोई आंतरिक सबंध नहीं है।’ क्रॉस’ का और युद्ध से तो आंतरिक संबंध है एक’ लाजिकल रिलेशनशिप’ है, लेकिन बांसुरी से युद्ध का कोई भी तार्किक सबंध नहीं है। कृष्ण की बांसुरी के बावजूद युद्ध हुआ। इसका मतलब यह है कि हम इतने दुखवादी हैं कि कृष्ण की बांसुरी भी हमें प्रफुल्लित नहीं कर पायी है। बांसुरी बजती रही है और हम युद्ध में उतर गये हैं। बांसुरी बजती रही, लेकिन हम अहोभाव से नहीं भर पाये हैं। बांसुरी हमारी बांसुरी नहीं हो पायी।

यह भी बहुत मजे की बात है कि दूसरे का सुख अपना सुख बनाना बहुत मुश्किल है। दूसरे का दुख अपना दुख बनाना बहुत आसान है। इसलिये आप दूसरे के रोने में रो सकते हैं, लेकिन दूसरे के हंसने में हंसना मुश्किल हो जाता है। अगर किसी के मकान में आग लग गयी है तो आप सहानुभूति बता पाते हैं, लेकिन किसी का मकान बड़ा हो गया है, तो उसके आनंद में भाग नहीं ले पाते हैं। इसमें बुनियादी कारण हैं।

जीसस के’ क्रॉस’ के साथ हम निकट हो पाते हैं; लेकिन कृष्ण की बांसुरी के साथ हो सकता है हम ईर्ष्या से भर कर लौट जायें। कृष्ण की बांसुरी हममें सिर्फ ईर्ष्या ही जगाये, कोई सहानुभूति

कोई’ एम्पैथी’ पैदा न करे। लेकिन जीसस का’ क्रॉस’ हममें’ एम्पैथी’ पैदा करता है, ईर्ष्या पैदा नहीं करता। जीसस का’ क्रॉस’ इसलिये भी ईर्ष्या पैदा नहीं कर सकता है कि हम कोई’ क्रॉस’ पर लटकने के लिये तैयार तो नहीं हैं। कृष्ण बांसुरी बजा रहे हैं तो हमारा मन ईर्ष्या से भर सकता है, और ईर्ष्या दुख बन सकती है। सुख में सहभागी होना बड़ी कठिन बात है। दुख में सहभागी होना बड़ी सरल बात है। अति साधारण चित्त का व्यक्ति भी दुख में सहभागी हो जाता है। अति असाधारण चित्त का व्यक्ति चाहिये जो सुख में सहभागी हो सके। दूसरे के सुख में’ पार्टीसिपेट’ करना, दूसरे के सुख में डूबना और दूसरे के सुख को अपने जैसा अनुभव कर पाना बड़ी ऊंचाई की बात है। दूसरे के दुख में कठिनाई नहीं है। इसके बहुत कारण हैं। पहला कारण तो यह है कि हम दुखी हैं ही,’ आलरेडी’। कोई भी दुखी हो तो हमें कोई दिक्कत नहीं आती, हम उसमें डूब पाते हैं। सुखी हम नहीं हैं। कोई सुखी हो तो हमारा कोई तालमेल नहीं बन पाता। कोई संबंध नहीं बन पाता।

युद्ध हुआ कृष्ण की बांसुरी के बाद भी। और भी मजे की बात है कि जीसस के’ क्रॉस’ के बाद युद्धों की गति बढ़ते—बढ़ते अभी दो हजार साल लगे तब हुआ। कृष्ण तो बांसुरी बजा रहे थे तभी युद्ध हो गया। कृष्ण की बांसुरी के बावजूद यह युद्ध हुआ है, कृष्ण की बांसुरी न तो समझी जा सकी है, न पकड़ी जा सकी है, न पहचानी जा सकी है। यह भी सोचने जैसा है कि कृष्ण तो खुद युद्ध में उतरे हैं, जीसस को युद्ध नहीं में उतारा जा सकता। जीसस से अगर कोई कहेगा कि आप युद्ध में उतरें तो जीसस कहेंगे, पागल हो गये हैं; क्योंकि मैं कहता हूं जो एक चांटा तुम्हारे गाल पर मारे, दूसरा उसके सामने कर देना। और जीसस कहते हैं कि पुराने पैगंबरों ने कहा था कि जो तुम्हारी तरफ ईंट फेंके, तुम उसकी तरफ पत्थर से मारना, और जो तुम्हारी एक आख फोड़े, तुम उसकी दोनों आंखें छीन लेना, लेकिन मैं तुमसे कहता हू जो तुम्हारे एक गाल पर चांटा मारे, तुम दूसरा गाल उसके सामने कर देना। और मैं तुमसे कहता हू कि कोई तुम्हारा कोट छीने तो तुम अपनी कमीज भी दे देना। और मैं तुमसे कहता हू कि कोई अगर एक मील तक तुमसे बोझा ढोने को कहे, तो तुम दो मील तक ढो देना। हो सकता है संकोच में वह बेचारा ज्यादा न कह पा रहा हो।

यह जो जीसस है, इसको हम युद्ध में नहीं उतार सकते। अब चीज थोड़ी जटिल मालूम पड़ेगी। जीसस को युद्ध में नहीं उतारा जा सकता। लेकिन कृष्ण युद्ध में उतर जाते हैं। जीसस को इसलिये युद्ध में नहीं उतारा जा सकता है कि जीवन इतना बदतर है कि उसके लिये लड़ने का कोई अर्थ नहीं है। कृष्ण को युद्ध में उतारा जा सकता है। जीवन इतना आनंदपूर्ण है कि उसके लिये लड़ा जा सकता है। इसे थोड़ा समझ लें।

जीसस के लिये जीवन इतना व्यर्थ है, जैसा जीवन है वह इतना दुखपूर्ण है कि आपने एक चांटा मार दिया तो इससे दुख में कोई बढ़ती नहीं होती। कहना चाहिये कि जीसस पहले से ही इतने पिटे हुये हैं कि आपके एक चांटे से कोई फर्क नहीं पड़ता। वह दूसरा गाल भी सामने कर देते हैं कि आपको उनका गाल फेरने की तकलीफ भी न हो। जीसस इतने दुखी हैं कि उन्हें और दुखी नहीं किया जा सकता। इसलिये जीसस को लड़ने के लिये तैयार नहीं किया जा सकता। लड़ने के लिये तो केवल वे ही तैयार हो सकते हैं जो जीवन के आनंद के घोषक हैं। अगर जीवन के आनंद पर हमला, हो तो वे लड़ेंगे। वे जीवन के आनंद के लिये अपने को दाव पर लगा देंगे। वे जीवन के आनंद को बचाने के लिये कुछ करने को तैयार हो सकते हैं। जीसस को तैयार नहीं किया जा सकता युद्ध को। महावीर

को भी तैयार नहीं किया जा सकता युद्ध के लिये। बुद्ध को भी तैयार नहीं किया जा सकता युद्ध के लिये। सिर्फ कृष्ण को तैयार किया जा सकता है। या एक और आदमी है, मुहम्मद, उसे तैयार किया जा सकता है युद्ध के लिये। मुहम्मद किसी बहुत गहरे रास्ते से कृष्ण के थोड़े समीप आते हैं। पूरा आना तो मुश्किल है, थोड़े समीप आते हैं। जिनको ऐसा लगता है कि जीवन में कुछ बचाने योग्य है, केवल वे ही लड़ने के लिये तैयार किये जा सकते हैं। जिनको ऐसा लगता है कि जीवन में कुछ बचाने योग्य ही नहीं है, उनके लड़ने का क्या सवाल है!

लेकिन कृष्ण युद्धखोर नहीं हैं। युद्धवादी नहीं हैं। हैं तो वे जीवनवादी, लेकिन अगर जीवन पर संकट हो, तो वे लड़ने को तैयार हैं। इसलिये कृष्ण ने पूरी कोशिश की है कि युद्ध न हो। इसके सब उपाय कर लिये गये हैं कि युद्ध न हो। इस युद्ध को टाला जा सके और जीवन बचाया जा सके, इसके लिये कृष्ण ने कुछ भी उठा नहीं रखा है। लेकिन जब ऐसा लगता है कि कोई उपाय नहीं है, और मृत्यु की शक्तियां लड़ेंगी ही, और अधर्म की शक्तियां झुकने के लिये तैयार नहीं हैं, समझौते के लिये भी तैयार नहीं हैं, तब कृष्ण जीवन के पक्ष में और धर्म के पक्ष में लड़ने को खड़े हो जाते हैं।

मेरे देखे कृष्ण के लिये जीवन और धर्म दो चीजें नहीं हैं। वे लड़ने को तैयार हो जाते हैं। स्वभावत:, कृष्ण जैसा आदमी जब लड़ता है, तभी भी प्रफुल्लित और आनंदित होता है; और जीसस जैसा आदमी अगर न लड़े, तो भी उदास मिलेगा। कृष्ण जैसा व्यक्ति जब लड़ता है, तभी भी आनंदित है, क्योंकि लड़ना भी जीवन के एक हिस्से की तरह आया है। इसे कोई जीवन से अलग बांटा नहीं जा सकता। और जैसे मैंने पीछे आपको बार—बार कहा, कृष्ण का जिंदगी में ऐसा चुनाव नहीं है जैसा कि आमतौर से साधुओं और ’यूरिटन्स' और नैतिकवादियो का होता है। कृष्ण ऐसा नहीं कहते हैं कि युद्ध जो है, वह हर हालत में बुरा है। कृष्ण कहते हैं, युद्ध बुरा भी हो सकता है, अच्छा भी हो सकता है। हर हालत में कोई चीज न बुरी होती है, न कोई चीज हर हालत में अच्छी होती है। ऐसे क्षण होते हैं जब जहर अमृत होता है और अमृत जहर हो जाता है। और ऐसे क्षण होते हैं, जब अभिशाप वरदान बन जाता है और वरदान अभिशाप हो जाता है।

कृष्ण कहते हैं, हर हालत में कुछ तय नहीं है। यह प्रतिपल और प्रति परिस्थिति में तय होता है कि क्या शुभ है। इसे कोई पहले से तय कर के नहीं चल सकता है कि यह शुभ है। परिस्थिति बदले तो कठिनाई हो सकती है। इसलिये कृष्ण तो प्रतिपल निर्णय के लिये राजी हैं। उन्होंने कोशिश कर ली है कि युद्ध न हो, लेकिन देखते हैं कि युद्ध होगा ही, तो फिर बेमन से लड़ना बेकार है। कृष्ण जैसा आदमी बेमन से नहीं लड़ेगा। लड़ने भी जायेगा तो फिर पूरे मन से ही जायेगा। पूरे मन से कोशिश कर ली है, युद्ध न हो। अब युद्ध होगा ही, तो कृष्ण पूरे मन से ही लड़ने जाते हैं। युद्ध करने का उनका खयाल न था कि वह सीधे युद्ध में भागीदार बनेंगे। वह सीधे सक्रिय होंगे युद्ध में, इसका खयाल न था। लेकिन ऐसा क्षण आ जाता है, तो उन्हें सीधे भागीदार हो जाना पड़ता है और वे सुदर्शन हाथ में ले लेते हैं।

जैसा मैंने पीछे कहा, कृष्ण क्षणजीवी हैं। सभी आनंदवादी क्षणजीवी होते हैं। सिर्फ दुखवादी क्षणजीवी नहीं होते। सिर्फ दुखवादी लंबा हिसाब रखते हैं। और लंबे हिसाब की वजह से दुखी रहते हैं। वे पृथ्वी जबसे बनी है तबसे सारा दुख इकट्ठा कर लेते हें। और जब जगत का अंत होगा तब तक का सारा दुख इकट्ठा करके अपने ऊपर रख लेते हैं। दुख इतना ज्यादा मालूम पड़ता है कि वे उसके नीचे दबकर मर जाते हैं। आनंदवदी क्षणवादी है। वह कहता है, क्षण के अतिरिक्त अस्तित्व नहीं है। जब भी अस्तित्व है, तब क्षण में है —’मीमेंट टू मॉमेंट', क्षण से क्षण में उसकी यात्रा है। न वह कल का हिसाब रखता है जो बीत गया, न वह आने वाले कल का हिसाब रखता है जो आनेवाला है, क्योंकि वह कहता है, जो बीत गया वह बीत गया और जो अभी नहीं आया वह अभी नहीं आया है। जो है, इस क्षण में जो है इस क्षण के प्रति पूरी ’रिस्पासिबिलिटी', इस क्षण के प्रति पूरा—का—पूरा ’रिस्पांस', इस क्षण के प्रति पूरा खुला होना उसका आनंद है।

दुखवादी ’क्लोज्ड' है, वह इस क्षण की तरफ देखता ही नहीं। अगर आप उसको फूल के पास ले जायें और कहें कि फूल खिले हैं, वह कहेगा कि सांझ मुर्झा जायेंगे। दुखवादी से आप कहें कि देखें यह यौवन। वह कहेगा, देख लिया बहुत यौवन; सब यौवन बुढ़ापे के अतिरिक्त और कहीं नहीं जाता है। आप उससे कहेंगे, यह सुख है। वह कहेगा, हमने बहुत सुख देखे, जरा उलटा कर देखो, सब सुखों के पीछे दुख छिपा है। हमें धोखा नहीं दिया जा सकता।

दुखवादी विस्तार में देखता है, क्षण में होता ही नहीं। सुखवादी कहता है, सांझ जब मुरझायेंगे — लेकिन सांइा तो आने दो, अभी से दुखी होने का क्या कारण है? आनंदवादी कहता है, सांझ आने दो, अभी से दुखी होने का क्या कारण है? जब फूल ही दुखी नहीं हैं सांझ की वजह से और आनंद से नाच रहे हैं, तो हम क्यों दुखी हो जायें? आने दो सांझ। और मजा यह है कि आनंदवादी चित्त सांइा को गिरते हुये फूलों का भी सुख ले पाता है। क्योंकि किसने कहा कि सिर्फ खिलते हुये फूलों में सुख होता है और गिरते हुये फूलों में नहीं होता? शायद नहीं देखा हमने, वह हमारे दुख के कारण। किसने कहा कि बच्चे ही सुंदर होते हैं और बूढ़े नहीं होते? बुढ़ापे का अपना सौंदर्य है! और जब कोई आदमी सच में बूढ़ा होता है — कोई रवींद्रनाथ — तो उसके सौंदर्य का कोई हिसाब नहीं है। कोई वाल्ट व्हिटमन, तौ उसके सौंदर्य का बुढ़ापे में कोई हिसाब नहीं है! वाल्ट व्हिटमन को बुढ़ापे में देखकर ऐसा लगता है कि और क्या सौंदर्य होगा! असल में बचपन का अपना ढंग है सौंदर्य का, जवानी का अपना ढंग है, बुढ़ापे का अपना ढंग है, लेकिन ढंगों की फुर्सत किसे है? जब सारे बाल शुभ्र हो जाते हैं और जीवन की जब सारी यात्रा पूरी होने के करीब आती है, तो वैसा ही सौंदर्य होता है जैसा सूर्यास्त का होता है। किसने कहा कि सूर्योदय में ही सौंदर्य है? सूर्यास्त का अपना सौंदर्य है। लेकिन, दुखवादी सूर्योदय के समय भी सौंदर्य नहीं देखता, वह कहता है, क्या पागलपन में पड़े हो, अभी घड़ी भी नहीं बीत पायेगी और यह सब सूर्यास्त हो जाने वाला है। अंधकार छा जायेगा।

कृष्ण क्षणवादी हैं। समस्त आनंद की यात्रा क्षण की यात्रा है। कहना चाहिये यात्रा ही नहीं है, क्योंकि क्षण में यात्रा कैसे हो सकती है; क्षण में सिर्फ डूबना होता है। समय में यात्रा होती है। क्षण में आप लंबे नहीं जा सकते; गहरे जा सकते हैं। क्षण में आप डुबकी ले सकते हैं। क्षण में कोई लंबाई नहीं है, सिर्फ गहराई है। समय में लंबाई है, गहराई कोई भी नहीं है। इसलिये जो क्षण में डूबता है, वह समय के पार हो जाता है। जो क्षण में डूबता है वह ’इटरनिटी' को, शाश्वत को उपलब्ध हो जाता है। कृष्ण क्षण में हैं, और साथ ही शाश्वत में हैं। जो क्षण में है वह शाश्वत में है। जो समय में है,’टाइम ऐज ए सीरीज', वह कभी शाश्वत से संबध नहीं जोड़ पाता। वह तो समय के क्षणों का हिसाब लगाता रहता है, कणों का हिसाब लगाता रहता है। जब वह जीता है तब मरने का हिसाब लिखता रहता है। जब सुबह होती है तब वह सांझ की सोचता रहता है। जब प्रेम आता है तब वह बिछोह की सोचता है। जब मिलन होता है तब वह विरह के आंसुओ से पीड़ित हो जाता है।

इसलिये कृष्ण को अगर किसी क्षण में ऐसी घड़ी आ गयी कि सुदर्शन हाथ में ले लेना पड़ा, तो वह पिछले कृष्ण की’ प्रामिस’ के लिये रुके नहीं, जिसने कहा था कि युद्ध में मैं सक्रिय होने को नहीं हू। क्योंकि वह कहेंगे, अब वह कृष्ण ही कहां, जिसने वायदा किया था! अब गंगा वहां कहा है जहां थी, अब फूल वहां कहा हैं जहां थे, अब बादल वहा कहा हैं जहां थे। अब सब बदल गया है, तो मैंने ही कोई ठेका लिया है वही होने का! सब जा चुका है। अब मैं जहां हू वहा हूं। और इस क्षण से मेरा जो’ रिस्पांस’ है, इस क्षण में मेरी जो प्रतिध्वनि है, मेरा वही अस्तित्व है। वे क्षमा नहीं मांगते, वे कोई पश्चात्ताप नहीं करते। वह यह नहीं कहते कि मैंने भूल की थी कि वचन दिया था। वे यह नहीं कहते कि बुरा हो गया, गलत हो गया, मैं दुखी हू पश्चात्ताप कर का, पीछे प्रायश्चित कर दूध। वे यह कुछ भी नहीं कहते। वे क्षण के प्रति बड़े सच्चे हैं।

अब इसको थोड़ा समझना चाहिये।

'ट बी ट ट द मीमेंट’। वे क्षण के प्रति बहुत सच्चे हैं। वे इतने सच्चे हैं कि क्षण ऐसी घटना ले आता है जिसका उन्होंने कभी सोचा भी नही था, तो भी वे डूब जाते हैं, कूद जाते हैं। हा, हमें बहुत बार लगेगा कि हमारे प्रति उतने सच्चे नहीं मालूम होते। क्योंकि कहा था कि युद्ध में नहीं उतरेंगे और अब युद्ध में उतर गये। जो क्षण के प्रति सच्चा है वह अस्तित्व के प्रति सच्चा है, लेकिन समाज के प्रति बहुत सच्चा नहीं हो सकता। क्योंकि समाज समय में जीता है और वह’ इंटरनिटी’ में जीता है। समाज समय में जीता है, वह पीछे का हिसाब रखता है, आगे का हिसाब रखता है। ऐसा आदमी क्षण में जीता है, वह हिसाब रखता ही नहीं।

मैंने सुनी है एक कहानी कि एक बहुत बड़े झेन फकीर रिंझाई के पास एक युवक मिलने आया और उस युवक ने कहा कि मैं सत्य की खोज में आपके पास आया हू। तो रिंझाई ने कहा, सत्य की बात छोड़ो, अभी मैं कुछ और पूछना चाहता हू। तुम पेकिंग से आते हो? उसने कहा, हा। तो रिंझाई ने पूछा कि पेकिंग में चावल के क्या भाव हैं? वह आदमी इतनी लंबी यात्रा करके आया है इसके पास। यह सोचकर नहीं आया था कि चावल के दाम बताने पड़ेंगे। तो उस आदमी ने कहा कि माफ करिये और पहले यह आपको सूचना कर दूं ताकि और इस तरह के सवाल आप न पूछ सकें, मैं जिन रास्तों से गुजर जाता हू उन्हें तोड़ देता हूं और जिन’ ब्रिजेज’ को पार कर लेता हूं उन्हें गिरा देता हू और जिन सीढ़ियों से चढ़ जाता हूं उन्हें मिटा देता हू मेरा कोई अतीत नहीं है। रिंझाई ने कहा, फिर बैठो, फिर सत्य की कोई बात हो सकती है। मैंने तो जानने के लिये यह पूछा कि कहीं पेकिंग में चावल के जो दाम हैं वह तुम्हें याद तो नहीं है? अगर वह याद हैं, तो सत्य से मिलाना बहुत मुश्किल हो जायेगा, क्योंकि सत्य सदा क्षण में है, वर्तमान में है। उसका अतीत से कोई लेना—देना नहीं। और जो अतीत में जीता है, वह वर्तमान में नहीं जी पाता। जो अतीत में जीता है, वह भविष्य में हो सकता है उसका मन, वर्तमान में नहीं हो पाता।

कृष्ण के बावजूद युद्ध हुआ है। और कृष्ण युद्ध में भागीदार हो सके हैं, क्योंकि आनंद का पक्षपाती लड़ भी सकता है। फिर कृष्ण का कहना यह है कि लड़ना जीवन के भीतर का हिस्सा है। जीवन जब तक है, तब तक किसी—न—किसी भांति का युद्ध जारी रहेगा। युद्ध के तल बदलेंगे, युद्ध के आधार बदलेंगे, युद्ध के मार्ग बदलेंगे,’ प्लेन’ बदलेंगे युद्ध के, गुण बदलेगा, लेकिन युद्ध जारी रहेगा। ऐसा नहीं हो सकता है कि युद्ध बंद हो जाये। युद्ध उसी दिन बंद हो सकता है कि या तो मनुष्यता न रहे, समाप्त हो जाये, या मनुष्यता पूर्ण हो जाये। दो ही अर्थों में युद्ध बंद हो सकता है। मनुष्य पूर्ण हो जाये तो भी समाप्त हो जाता है, समाप्त हो जाये तो भी समाप्त हो जाता है। मनुष्य जैसा है, वैसे मनुष्य के जीवन में युद्ध जारी रहेगा। फिर खयाल क्या करना है? युद्ध न हो, इसका? नहीं, कृष्ण इतना ही कहते हैं, युद्ध धर्मयुद्ध हो, इतना। शांति धर्मशांति हो, इतना।

अब ध्यान रहे, शांति भी अधार्मिक हो सकती है, और युद्ध भी धार्मिक हो सकता है। लेकिन शांतिवादी सोचता है कि शांति सदा ही धार्मिक है। और युद्धवादी सोचता है कि युद्ध सदा ही ठीक है। कृष्ण कोई वादी नहीं हैं, वे बहुत’ लिक्विड’ हैं, बहुत तरल हैं। जिंदगी में वहा पत्थर की तरह कटी हुई चीजें नहीं हैं, उनकी जिंदगी में। उनकी जिंदगी में सब हवा की तरह है। वे कहते हैं शांति भी — मैं रास्ते से गुजर रहा हूं एक शीत आदमी हू और कोई किसी को लूट रहा है, मैं शांति से गुजर जाऊंगा, क्योंकि मैं कहता हू लड़ना मेरे लिये नहीं है। मैं शांति से गुजर रहा हू लेकिन मेरी शांति अधार्मिक हो गयी; क्योंकि मेरी शांति भी सहयोगी हो रही है किसी के लुटने में और किसी के लूटने में। अनिवार्य नहीं है कि शांति सदा ही धर्म हो। बर्टूंड रसल जैसे लोग,’ पेसिफिस्ट’, शांति को सदा ही ठीक मान लेते हैं। वे मान लेते हैं कि सदा ही ठीक है, शांत होना ही ठीक है। लेकिन ऐसी शांति’ इम्पोटेंस’ भी बन सकती है। ऐसी शांति नपुंसकता हो सकती है।

इसलिये कृष्ण बार—बार अर्जुन को कहते हैं, दौर्बल्य त्याग। मैंने कभी सोचा न था कि तू क्लीव  हो सकता है, तू नपुंसक हो सकता है। तू कैसी नपुंसकों जैसी बातें कर रहा है! जबकि युद्ध सामने खड़ा हो और जबकि युद्ध कृष्ण की दृष्टि में अधर्म के लिये हो, तब तू कैसी कमजारी की बातें कर रहा है! तेरी शक्ति कहा खो गयी? तेरा पौरुष कहा गया? शांति जरूरी नहीं है कि धर्म हो। युद्ध भी जरूरी नहीं है कि अधर्म हो। कहा जा सकता है कि तब युद्धखोर कह सकते हैं कि हमारा युद्ध धर्म है। कह सकते हैं। जिंदगी जटिल है। कोई उन्हें रोक नहीं सकता। लेकिन, धर्म क्या है, अगर इसका विचार स्पष्ट फैलता चला जाये, तो कठिन होता जायेगा उनका ऐसा दावा करना।

कृष्ण की दृष्टि में धर्म'' क्या है, वह मैं कहूं। कृष्ण की दृष्टि में जीवन को जो विकसित करे, जीवन को जो खिलाये, जीवन को जो नचाये, जीवन को जो आनंदित करे, वह धर्म है। जीवन के आनंद में जो बाधा बने, जीवन की प्रफुल्लता में जो रुकावट डाले, जीवन को जो तोड़े, मरोड़े, जीवन को जो खिलने न दे, फसलने न दे, फलने न दे, वह अधर्म है। जीवन में जो बाधायें बन जायें, वे अधर्म हैं; और जीवन में जो सीढ़ियां बन जाये, वह धर्म है।

ओशो रजनीश



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

श्री कृष्ण स्मृति भाग 121

श्री कृष्ण स्मृति भाग 125

श्री कृष्ण स्मृति भाग 112